ड्राइवरों को ज़्यादा सम्मान और कल्याणकारी मदद मिलनी चाहिए, डीआएजी ट्रैफिक
श्रीनगर, 17 सितंबर(हि.स.)। कश्मीर के डीआएजी ट्रैफिक हसीब-उर-रहमान ने गुरुवार को कहा कि समाज और अर्थव्यवस्था में अपने योगदान के लिए ड्राइवर ज़्यादा सम्मान और कल्याणकारी मदद के हकदार हैं। 'ड्राइवर्स डिग्निटी डे' (ड्राइवर सम्मान दिवस) के मौके पर श्रीनगर में आयोजित एक वॉकथॉन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए हसीब-उर-रहमान ने कहा कि ड्राइवर समाज और अर्थव्यवस्था का एक ज़रूरी हिस्सा हैं और उनके सम्मान और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए और ज़्यादा कोशिशों की ज़रूरत है।
उन्होंने कहा कि पूरे साल यह कोशिश की जाएगी कि ड्राइवरों को वह सम्मान मिले जिसके वे हकदार हैं। इसमें समाज की अहम भूमिका है और ट्रैफिक पुलिस भी अपनी भूमिका निभाएगी। डीआएजी ने विभागीय और निजी ड्राइवरों के कल्याण पर खासकर रिटायरमेंट के बाद ज़्यादा ध्यान देने की अपील की और कॉर्पोरेट सेक्टर से कहा कि वे कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी पहलों के ज़रिए ड्राइवरों और उनके परिवारों की मदद करें। उन्होंने 12वीं और कॉलेज की पढ़ाई कर रहे ड्राइवरों के बच्चों के लिए आर्थिक मदद का भी प्रस्ताव रखा।
उन्होंने कहा कि ये वे मुद्दे हैं जिन्हें हमने यहां उठाया है। मुझे उम्मीद है कि ये बातें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेंगी और उन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि 'ड्राइवर्स डिग्निटी डे' की शुरुआत श्रीनगर से हुई और इसे पूरे देश में मनाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

