बिलावर में डॉ. मनोहर लाल शर्मा ने उठाए बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व जनहित के मुद्दे

WhatsApp Channel Join Now
बिलावर में डॉ. मनोहर लाल शर्मा ने उठाए बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व जनहित के मुद्दे


कठुआ, 17 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मंत्री डॉ. मनोहर लाल शर्मा ने बिलावर के धर्मनी स्थित खजूरिया फार्म में आयोजित मासिक जनसभा के दौरान क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है और पलायन की स्थिति बन रही है।

डॉ. शर्मा ने भ्रष्टाचार पर चिंता जताते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की। साथ ही नशे की बढ़ती समस्या को समाज के लिए बड़ा खतरा बताया और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई व जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने बिलावर को जिला का दर्जा देने, दैनिक वेतनभोगियों के नियमितीकरण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि और पेंशन समय पर देने की मांग उठाई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की भी वकालत की। सभा में कई स्थानीय नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और समावेशी विकास की मांग के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story