संविधान दिवस पर जीएमसी कठुआ में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे डॉ. जितेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
संविधान दिवस पर जीएमसी कठुआ में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे डॉ. जितेंद्र सिंह


कठुआ, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री तथा प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कठुआ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में हो रही प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि जिला अब इन क्षेत्रों में अपनी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेज कठुआ में उपलब्ध हो रही आधुनिक सुविधाओं और यहां स्थापित संस्थागत साझेदारियों को क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में जीएमसी कठुआ पहुंचे डॉ. जितेंद्र सिंह का कॉलेज परिसर में प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने जीएमसी के विद्यार्थियों और स्टाफ के साथ भारतीय संविधान की गरिमा एवं मूल्यों को बनाए रखने की शपथ भी ली। विद्यार्थियों ने संविधान के विभिन्न अंशों का वाचन कर लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इसके आदर्शों एवं मूल्यों का सम्मान करे। उन्होंने कठुआ में स्थापित बायोनेस्ट इन्क्यूबेटर को युवाओं के लिए नवाचार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। इसके माध्यम से स्टार्टअप्स, नए विचारों और तकनीक आधारित उद्यमों को प्रोत्साहन मिल रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को पारंपरिक रोजगार विकल्पों से आगे बढ़कर विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी और उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने जीएमसी कठुआ और मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल सेंटर के बीच साझेदारी को भी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से कैंसर मरीजों को आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में काम हो रहा है। इससे जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। मरीजों को उन्नत कैंसर उपचार के लिए बड़े महानगरों का रुख करने की मजबूरी कम होगी।

इस साझेदारी के तहत जीएमसी के चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ को कैंसर सर्जरी एवं ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण देने की भी योजना है। केंद्रीय मंत्री ने उधमपुर-कठुआ-डोडा संसदीय क्षेत्र को जम्मू-कश्मीर के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में तीन मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर स्तर की मेडिकल कक्षाएं संचालित हो रही हैं।

इसके अलावा उत्तर भारत का पहला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज भी क्षेत्र में कार्यरत है जिसके आधुनिक भवन का उद्घाटन जल्द किए जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में विकसित हो रहा यह बुनियादी ढांचा पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कठुआ के प्रवेश द्वार लखनपुर में जम्मू-कश्मीर के संस्थापक महाराजा गुलाब सिंह की विरासत को सम्मान देने के लिए ‘गेटवे ऑफ जम्मू-कश्मीर’ के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रवेश द्वार क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों और यात्रियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनेगा तथा जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान देगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य विकास को आम नागरिक तक पहुंचाना है। कठुआ में बायोनेस्ट, आधुनिक कैंसर उपचार सुविधाएं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार जैसी पहलें इसी सोच को साकार कर रही हैं। कुल मिलाकर जीएमसी कठुआ में आयोजित संविधान गौरव दिवस का कार्यक्रम संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ कठुआ में स्वास्थ्य सेवाओं, वैज्ञानिक नवाचार, उद्यमिता और विकास की संभावनाओं को रेखांकित करने का अवसर भी बना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785495 Articles

Share this story