जरूरतमंद बच्चों के लिए घर में पड़ी पाठ्यक्रम की किताबें दान करें-एडीसी

WhatsApp Channel Join Now
जरूरतमंद बच्चों के लिए घर में पड़ी पाठ्यक्रम की किताबें दान करें-एडीसी


बसोहली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर सेवा पर्व-2026 के तहत जोनल शिक्षा कार्यालय बसोहली की ओर से डीआईईटी बसोहली में पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा मुख्य अतिथि जबकि तहसीलदार बसोहली सागर विश्वकर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रिंसिपल डीआईईटी ओम प्रकाश, नोडल अधिकारी, जेडईओ राधा कृष्ण, जेडईओ कार्यालय एवं डीआईईटी के स्टाफ सदस्य, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। एडीसी ने विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पुस्तकें वितरित कीं। इस अवसर पर एडीसी पंकज भगोत्रा ने कहा कि किताबें ज्ञान का महत्वपूर्ण स्रोत हैं और इनमें मिली जानकारी को विद्यार्थी जरूरत पड़ने पर दोबारा पढ़कर आसानी से दोहरा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घरों में छठी से दसवीं कक्षा तक की जो पाठ्यक्रम की किताबें उपयोग में नहीं हैं उन्हें जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए जोनल शिक्षा कार्यालय में दान करें। उन्होंने कहा कि इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में काफी मदद मिल सकती है।

जेडईओ राधा कृष्ण ने बताया कि विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अब तक एक हजार से अधिक किताबें दान की हैं। इन पुस्तकों को बसोहली कस्बे और आसपास के करीब 20 स्कूलों में जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित किया जा रहा है। शेष पुस्तकें बसोहली उपमंडल के अन्य सरकारी और निजी स्कूलों में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार सागर विश्वकर्मा ने भी जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए पुस्तकें दान कीं। अंत में जेडईओ ने मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story