‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान के खिलाफ जम्मू में जोरदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 17 अगस्त (हि.स.)।

कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ गाए जाने के दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा पार्टी अध्यक्ष से कथित तौर पर गीत रोकने के लिए कहे जाने के आरोपों को लेकर जम्मू में डोगरा फ्रंट एवं शिवसेना ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जम्मू शहर में विशाल रैली निकालकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के प्रति कथित तौर पर अनादर का रवैया अपनाया। अशोक गुप्ता ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ भारत के स्वतंत्रता संग्राम और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है और इसके प्रति किसी भी प्रकार का कथित अनादर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

अशोक गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम’ ने लोगों और स्वतंत्रता सेनानियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यह गीत केवल एक रचना नहीं बल्कि मातृभूमि के प्रति समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी रचना बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने की थी और 1896 के कांग्रेस अधिवेशन में रवींद्रनाथ टैगोर ने इसे प्रस्तुत किया था। उन्होंने कहा कि 1905 के स्वदेशी आंदोलन के दौरान यह ब्रिटिश शासन के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन का प्रमुख नारा बन गया था।

प्रदर्शन के दौरान डोगरा फ्रंट और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व से कथित घटना को लेकर देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

अशोक गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम’ स्वतंत्रता संघर्ष की स्मृतियों और राष्ट्रीय चेतना से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मुद्दों को राजनीतिक विवाद के बजाय राष्ट्रीय सम्मान और भावनाओं के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान अभिषेक, बिट्टू, गणेश, बंटू, प्रेम, कालू, रामपाल, नरेश और राम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story