जीसीडी कठुआ में दीपावली मेले की धूम, 500 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कठुआ, 05 नवंबर (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ में वीरवार को दीपावली मेला बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मेले में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, कला और उद्यमशीलता का प्रदर्शन किया।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. डॉ. मनोहर लाल ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित किया गया। मेले में विद्यार्थियों की ओर से हस्तनिर्मित सजावटी सामान, दीये, रंग-बिरंगी लालटेन, तोरण, कढ़ाई एवं पेंटिंग से तैयार वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। वहीं खाद्य पदार्थों, खेलों, आरि वर्क, क्रोशिया उत्पादों और परिधानों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम में संगीत, पंजाबी, डोगरी और हिमाचली गीतों पर नृत्य तथा शायरी की प्रस्तुतियों ने उत्सव का रंग और बढ़ाया। मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने ग्रेटिट्यूड वॉल और सेल्फी कॉर्नर भी स्थापित किया। प्रिंसिपल प्रो. डॉ. मनोहर लाल ने होम साइंस विभाग और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, टीम भावना और उद्यमशीलता को बढ़ावा देते हैं। मेले का आयोजन होम साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. नीलम भगत के मार्गदर्शन में प्रो. अनामिका ब्राऊ, प्रो. नीलिमा गुप्ता और प्रो. ममता खजूरिया ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

