जम्मू में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का जिला दौर सम्पन्न

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का जिला दौर सम्पन्न


जम्मू, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू जिले के लिए विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का जिला स्तरीय दौर वुमेन कॉलेज, परेड ग्राउंड के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा वक्ताओं ने “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक संवाद, आलोचनात्मक चिंतन और युवा नेतृत्व की भावना को प्रदर्शित करते हुए समसामयिक संदर्भों में लोकतंत्र की मजबूती पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में कॉलेज जम्मू संभाग के नोडल प्रिंसिपल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और रचनात्मक विमर्श को बढ़ावा देते हैं। निर्णायक मंडल में डॉ. जिगर मोहम्मद (सेवानिवृत्त प्राध्यापक), डॉ. बी.बी. आनंद (सेवानिवृत्त प्राचार्य), डॉ. निरलपे कौर (प्राचार्य, जीडीसी सांबा), निसार ए. खान (एआरटीओ रियासी) तथा प्रीति शर्मा (निदेशक, आईएएस अकादमी जम्मू) शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, प्रस्तुति शैली, विचारों की स्पष्टता और समग्र प्रभाव के आधार पर किया।

प्रतिस्पर्धा के बाद मान्या पंडोह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, तानिया द्वितीय, कार्तिका तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि भावना शर्मा और हेमन्या पुरी ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागी अब केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर जम्मू जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन माई भारत द्वारा कालेज के सहयोग से किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story