जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट-अंडर 14 गर्ल्स फाइनल में पहुंची सनशाइन, युवाओं को खेलों के लिए किया प्रेरित
कठुआ, 29 जुलाई (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट में अंडर-14 गर्ल्स वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सनशाइन ने फाइनल में अपनी जगह बना ली है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया बल्कि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
इस मौके पर सनशाइन ने जिले की लड़कियों और युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल प्रतिभा निखारने का माध्यम हैं बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने का भी मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने जिला उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतरीन मंच प्रदान किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
सनशाइन ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करते हैं जिससे वे फिट रहते हैं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हुए एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाते हैं। जिला स्तरीय यह टूर्नामेंट नशा मुक्त अभियान के संदेश को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

