ज्ञान बांटने से बढ़ता है, पुस्तक दान से जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञान बांटने से बढ़ता है, पुस्तक दान से जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ


कठुआ, 30 सितंबर (हि.स.)। सेवा पर्व के तहत राजकीय महिला डिग्री कॉलेज कठुआ की ओर से कॉलेज पुस्तकालय एवं एनसीसी इकाई के सहयोग से पुस्तक दान अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पाठ्यपुस्तकें, संदर्भ पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री पहुंचाना है।

कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयपाल सिंह ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें विद्यार्थियों को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पुस्तक दान से जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के संसाधन उपलब्ध होने के साथ-साथ पढ़ने की संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों से अच्छी स्थिति में उपलब्ध उपयोगी पुस्तकें दान करने की अपील की।

अभियान का संचालन एनसीसी (सीटीओ) डॉ. सोनिका जसरोत्रिया की देखरेख में किया जा रहा है जबकि दान की गई पुस्तकों को कॉलेज के लाइब्रेरियन सौरभ दत्ता प्राप्त कर रहे हैं। पुस्तक दान अभियान 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि एक दान की गई पुस्तक किसी के भविष्य को सशक्त बना सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story