अमृत कथा के दूसरे दिन वेद ज्ञान पर प्रवचन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
अमृत कथा के दूसरे दिन वेद ज्ञान पर प्रवचन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़


कठुआ, 05 अगस्त (हि.स.)। आर्य समाज मंदिर कठुआ में चल रहे 28वें अमृत कथा समारोह के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कथा के दौरान पूजनीय सुश्री गायत्री देवी ने वेदों के स्वरूप, महत्व और मानव जीवन में उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि आर्य समाज का आधार वेदों का शुद्ध ज्ञान है और महर्षि दयानंद सरस्वती के संदेश वेदों की ओर लौटो को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने चारों वेदों की जानकारी देते हुए यजुर्वेद के संदेशों, कर्तव्य, अनुशासन और लोक कल्याण पर विशेष जोर दिया। कथा में वैदिक भजनों और प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर आर्य समाज के प्रधान बिशन भारती ने कहा कि कथा का उद्देश्य वेदों के संदेश को जीवन में उतारना है। कार्यक्रम 4 से 15 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story