दिलवां स्कूल की चारदीवारी का 22 लाख से होगा पुनर्निर्माण, विधायक ने शुरू कराया काम

WhatsApp Channel Join Now
दिलवां स्कूल की चारदीवारी का 22 लाख से होगा पुनर्निर्माण, विधायक ने शुरू कराया काम


कठुआ, 15 सितंबर (हि.स.)। विधायक डॉ. भारत भूषण ने मंगलवार को सरकारी हाई स्कूल दिलवां की क्षतिग्रस्त चारदीवारी के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। पिछले वर्ष अगस्त में आई फ्लैश फ्लड के दौरान स्कूल की चारदीवारी पूरी तरह बह गई थी जबकि स्कूल के मैदान को भी भारी नुकसान पहुंचा था।

विधायक ने बताया कि दूरदराज क्षेत्र में स्थित इस स्कूल की चारदीवारी के पुनर्निर्माण के लिए 22 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों की सुविधा और स्कूल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करवाया गया है। इस अवसर पर लखनपुर जोन के जोनल शिक्षा अधिकारी, हाई स्कूल दिलवां की मुख्याध्यापिका निधि गुप्ता, स्कूल स्टाफ, दिलवां पंचायत के पूर्व सरपंच बलवंत सिंह व दिलावर सिंह, मंडल अध्यक्ष सुमन बाला, कैप्टन पवन, रोमी शर्मा, न्यू एरा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य तथा मालू, दिलवां, पन्यारा, खन्यारा, परल्ला, बिज्जित और जमालपुर गांवों के निवासी मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक डॉ. भारत भूषण ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में क्रेट कार्य करवाने का भी आश्वासन दिया ताकि भविष्य में बाढ़ और तेज बहाव से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। ग्रामीणों ने स्कूल की चारदीवारी के पुनर्निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए विधायक का आभार जताया।

बाद में विधायक ने दिलवां स्थित बाबा सुरगल देव स्थान पर माथा टेका। इसके अलावा उन्होंने पन्यारा स्थित बुआ रानी के दरबार और माता अमा भाई के मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story