मीरा साहिब में रणबीर नहर के पुल की हालत जर्जर
जम्मू,, 20 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू के मीरा साहिब क्षेत्र में कृष्णा नगर गांव को जोड़ने वाले रणबीर नहर के पुल की जर्जर हालत ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पुल के किनारे टूटने और नीचे की ओर धंसने लगे हैं, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को हादसे का डर सता रहा है।
समाजसेवी दीपक शर्मा ने बताया कि यह पुल कृष्णा नगर और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए आवाजाही का महत्वपूर्ण रास्ता है। लेकिन लंबे समय से पुल की हालत खराब बनी हुई है। किनारे क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
वहीं स्थानीय ग्रामीण सतपाल और राकेश शर्मा ने सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पुल के क्षतिग्रस्त किनारों की तुरंत मरम्मत करवाई जाए। साथ ही वर्षों पुराने इस पुल की जगह नया और चौड़ा पुल बनाया जाए ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय संबंधित विभाग को समय रहते कदम उठाने चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

