सीमा सुरक्षा को लेकर डीआईजी जेएसके रेंज का कठुआ दौरा, नाकों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
कठुआ, 24 मार्च (हि.स.)। जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा (आईपीएस) ने मंगलवार को कठुआ जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, एसपी ऑप्स (कंडी एवं बॉर्डर) मुकुंद सहित अन्य अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
दौरे के दौरान डीआईजी ने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और वीडीजी सदस्यों से मुलाकात कर सुरक्षा हालात की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों व जवानों को सीमा क्षेत्र के नाकों व अन्य संवेदनशील स्थानों पर पूरी सतर्कता और पेशेवर ढंग से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। डीआईजी ने विशेष रूप से रात्रि के समय नाकों को और मजबूत करने तथा असामाजिक व राष्ट्रविरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक कर बेहतर समन्वय पर जोर दिया और संयुक्त नाके स्थापित करने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान डीआईजी ने त्योहारों के मद्देनजर जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए मिठाइयां भी वितरित कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

