लद्दाख से संवाद और जम्मू-कश्मीर की अनदेखी दुर्भाग्यपूर्ण : शिवसेना

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 28 मई (हि.स.)।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने केंद्र सरकार द्वारा लद्दाख के प्रतिनिधियों के साथ जारी संवाद प्रक्रिया का स्वागत करते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर के प्रशासनिक, राजनीतिक और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी इसी प्रकार की गंभीर और सार्थक वार्ता शुरू की जानी चाहिए।

पार्टी के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने पत्रकारों से विशेष बातचीत में कहा कि गृह मंत्रालय द्वारा लद्दाख के प्रतिनिधियों के साथ छठी अनुसूची, भूमि अधिकार और स्थानीय रोजगार जैसे संवेदनशील मुद्दों पर लगातार बातचीत किया जाना एक सकारात्मक पहल है। हालांकि जम्मू-कश्मीर के लोगों और यहां के राजनीतिक प्रतिनिधियों के साथ ऐसे किसी व्यापक संवाद का अभाव चिंता का विषय बना हुआ है।

साहनी ने कहा कि देश के पूर्वोत्तर राज्यों तथा कई सीमावर्ती क्षेत्रों को उनकी सांस्कृतिक पहचान, भूमि और स्थानीय रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संविधान की धारा 371 के तहत विशेष अधिकार और संवैधानिक संरक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि जब लद्दाख के लिए विशेष संवैधानिक सुरक्षा और अधिकारों पर गंभीर चर्चा हो सकती है तो जम्मू-कश्मीर को आखिर क्यों हाशिये पर धकेला जा रहा है।

उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों के दौरान विशेष अधिकारों की बहाली, पूर्ण राज्यत्व, भूमि सुरक्षा और स्थानीय रोजगार संरक्षण जैसे मुद्दों पर बड़े-बड़े वादे किए गए थे लेकिन सरकार बनने के बाद इन विषयों पर कोई ठोस और प्रभावी पहल दिखाई नहीं दे रही।

पार्टी ने केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर को शीघ्र पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने, स्थानीय लोगों के भूमि, रोजगार और जनसांख्यिकीय अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जनता और राजनीतिक दलों के साथ व्यापक एवं सार्थक संवाद प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

इस बीच संगठन द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर डोगरा, हर दफ्तर महाराज’ सांस्कृतिक अभियान के अंतर्गत आज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जम्मू-कश्मीर के संस्थापक महाराजा गुलाब सिंह का चित्र स्थापित किया गया। इसके अतिरिक्त पार्टी कार्यकर्ताओं ने कर्ण मार्केट क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों को महाराजा गुलाब सिंह के चित्र ससम्मान भेंट किए तथा डोगरा विरासत और ऐतिहासिक पहचान के संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ सदस्य राज सिंह, संजय भट्ट, आदित्य महाजन , ओम प्रकाश उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story