विरोध प्रदर्शन के बीच कश्मीर के डीजी और आईजीपी ने मैदान पर संभाला मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
विरोध प्रदर्शन के बीच कश्मीर के डीजी और आईजीपी ने मैदान पर संभाला मोर्चा


श्रीनगर, ०1 मार्च (हि.स.)। हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद कश्मीर के कुछ हिस्सों में चल रहे ईरान के समर्थन और इजराइल तथा अमेरिका विरोधी प्रदर्शनों के मद्देनजर पुलिस महानिदेशक (डीजी) नलिन प्रभात, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विधि कुमार बर्डी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जमीन पर मोर्चा संभाल लिया है।

घाटी के विभिन्न इलाकों में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की सूचना मिली है, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने ईरान के साथ एकजुटता व्यक्त करके अमेरिका और इज़राइल की सैन्य कार्रवाइयों का विरोध किया है। इअके बाद अधिकारियों ने शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति की अनुमति देते हुए कानून और व्यवस्था बनाए रखने पर जोर देकर एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एसएसपी श्रीनगर और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शांति और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जमीन पर तैनात हैं।

अधिकारियों की तैनाती का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और प्रदर्शनों के बीच नागरिकों की सुचारू आवाजाही को सुविधाजनक बनाना है। पुलिस ने सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है और इस बात पर जोर दिया है कि तनाव या अशांति पैदा करने वाली किसी भी कार्रवाई से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story