नवरात्रि के पहले दिन मां बावे वाली के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 11 अक्टूबर (हि.स.)।

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन जम्मू के प्रसिद्ध मां बावे वाली मंदिर सहित जम्मू-कश्मीर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही माता रानी के दर्शन करने के लिए भक्तों का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

जम्मू के ऐतिहासिक बाहु किला परिसर में स्थित मां बावे वाली के दरबार में पहले नवरात्रे पर विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने माता रानी की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

नवरात्रि के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिरों में आने वाले भक्तों की भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की आराधना की जाती है। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं में नवरात्रि को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story