जम्मू पश्चिम में 40 लाख रुपये के विकास कार्य शुरू
जम्मू, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने वार्ड नंबर 26 सुभाष नगर में 40 लाख रुपये की लागत से गलियों और नालियों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। ये कार्य स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के उद्देश्य से शुरू किए गए हैं। इनके पूरा होने से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और जल निकासी व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर अरविंद गुप्ता ने कहा कि जम्मू पश्चिम के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर इन्हें पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कुशांत प्रजापति, मंगल सिंह, पुरुषोत्तम छिब, सुदेश सिंह, इंद्रेश गुप्ता, रक्षा शर्मा, आरती खजूरिया और पवन शर्मा सहित स्थानीय निवासी मौजूद रहे। जम्मू नगर निगम के संबंधित कनिष्ठ अभियंता और ठेकेदार भी उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों की शुरुआत का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

