जसरोटा में 14.91 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत, किसान मंडी का भी उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
जसरोटा में 14.91 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत, किसान मंडी का भी उद्घाटन


कठुआ/जसरोटा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जसरोटा के भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने सोमवार को क्षेत्र में करीब 14.91 करोड़ रुपये की सड़क एवं पेयजल परियोजनाओं की शुरुआत की। इनमें 11.51 करोड़ रुपये के सड़क विकास कार्यों के शिलान्यास और 3.40 करोड़ रुपये की लागत से क्षतिग्रस्त पेयजल ढांचे की स्थायी बहाली के कार्यों का उद्घाटन शामिल है। इसके अलावा उन्होंने बाख्ता में किसान मंडी का भी उद्घाटन किया।

सड़क विकास कार्यों में लोगेट-सहार लिंक रोड पर पुलिया की स्थायी बहाली के लिए 30 लाख रुपये, लोगेट मोड़-टाकी सड़क की मैकडमाइजेशन के लिए 30 लाख रुपये और लोगेट मोड़-प्लाह मोड़ लिंक रोड के लिए 40 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त त्रिडवां-खोइनाल सड़क के 2.5 किलोमीटर हिस्से के सुधार पर 4.95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे जबकि प्लाह मोड़ से संगन तक एल034 लिंक रोड की ब्लैकटॉपिंग पर 5.56 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बाजारों तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को कृषि उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

वहीं जल शक्ति विभाग के कठुआ पीएचई डिवीजन के तहत तीन जलापूर्ति योजनाओं के क्षतिग्रस्त ढांचे की स्थायी बहाली के कार्य शुरू किए गए हैं। इनमें भेड़ एवं बलोड़ जलापूर्ति योजना के लिए 117.37 लाख रुपये, कठेरा योजना के लिए 140.91 लाख रुपये तथा अल्लैर एवं बौड़ा योजना के लिए 81.95 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इन कार्यों का कुल बजट 340.23 लाख रुपये है।

इस अवसर पर विधायक राजीव जसरोटिया ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए बेहतर सड़क संपर्क और नियमित पेयजल आपूर्ति बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाख्ता में किसान मंडी स्थापित करने का उद्देश्य किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर बाजार सुविधा उपलब्ध करवाना है।

कार्यक्रम में सरपंच ध्यान सिंह, पंजाब सिंह, भूपिंदर शर्मा, बलवंत सिंह, शिव देव सिंह, सुदर्शन खजूरिया और सहार के भोली सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान जसरोटा मंडल प्रधान मनजीत सिंह, रंदीप सिंह पप्पी, लंबरदार विक्की, एसजीपीसी सदस्य दलजीत सिंह, हरजीत सिंह, नायब सरपंच जोगिंदर सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story