ओटीपी के बावजूद समय पर नहीं मिली गैस, गुस्साए उपभोक्ताओं ने एचपी गैस एजेंसी के बाहर सड़क जाम कर किया प्रदर्शन -गैस एजेंसी प्रबंधन खुद अपने ही लगाए नोटिस पर खरा नहीं उतर रहा

WhatsApp Channel Join Now
ओटीपी के बावजूद समय पर नहीं मिली गैस, गुस्साए उपभोक्ताओं ने एचपी गैस एजेंसी के बाहर सड़क जाम कर किया प्रदर्शन -गैस एजेंसी प्रबंधन खुद अपने ही लगाए नोटिस पर खरा नहीं उतर रहा


कठुआ, 15 अप्रैल (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच रसोई गैस की आपूर्ति में देरी से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। एचपी गैस एजेंसी के बाहर सैकड़ों लोगों ने इकट्ठा होकर कॉलेज मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि ओटीपी मिलने के बावजूद उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे वे दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह से ही एचपी गैस कार्यालय के बाहर खड़े हैं, ताकि ओटीपी दिखाकर पर्ची प्राप्त कर सकें, जिसके आधार पर उन्हें गैस सिलेंडर दिया जाना है। लेकिन एजेंसी कर्मी पर्ची देने में आनाकानी कर रहे हैं और मनमर्जी से ही कुछ लोगों को पर्चियां जारी की जा रही हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके ओटीपी पिछले महीने के आखिरी दिनों में ही आ गए थे, लेकिन अब तक न तो उनके घरों तक गैस सिलेंडर पहुंचा और न ही काउंटर से उन्हें पर्ची मिली। इससे लोगों में भारी रोष है।

उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले एडीसी कठुआ ने गैस वितरण केंद्र का दौरा किया था और स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अब पर्ची प्रणाली खत्म कर दी जाएगी तथा ओटीपी के आधार पर ही होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। बावजूद इसके एजेंसी द्वारा इस व्यवस्था को सही ढंग से लागू नहीं किया जा रहा। एजेंसी के बाहर लगे नोटिस में भी लिखा है कि 25 दिन बाद मिस कॉल करने पर ओटीपी आएगा और एक सप्ताह के भीतर गैस की होम डिलीवरी की जाएगी। लेकिन 15-20 दिन बीत जाने के बाद भी कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिली, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। स्थिति तब और चिंताजनक हो गई जब प्रदर्शन के दौरान एजेंसी कार्यालय के अंदर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। सैकड़ों लोग बाहर इंतजार करते रहे, जबकि अंदर से सभी कर्मचारी गायब थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कठुआ पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। गौरतलब है कि केंद्र सरकार की ओर से एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं होने की बात कही जा रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर वितरण प्रणाली में खामियों के चलते उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story