जम्मू रेलवे स्टेशन की शिव मार्केट पहुंचे डिप्टी सीएम सुरेंद्र चौधरी
जम्मू,, 29 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मार्केट में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरेंद्र चौधरी ने प्रभावित बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आग से प्रभावित दुकानदारों और व्यापारियों से मुलाकात की और आग के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। डिप्टी सीएम ने दुकानदारों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को सुना और अग्निकांड से हुए नुकसान के बारे में जानकारी हासिल की।
शिव मार्केट में लगी भीषण आग के कारण कई दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान और अन्य जरूरी चीजें जलकर खराब हो गईं। इस घटना के बाद प्रभावित व्यापारी अपने कारोबार को दोबारा शुरू करने और हुए नुकसान से उबरने को लेकर परेशान हैं। ऐसे में डिप्टी सीएम सुरेंद्र चौधरी के दौरे को लेकर दुकानदारों ने उनके सामने अपनी समस्याएं रखीं।
दौरे के दौरान डिप्टी सीएम सुरेंद्र चौधरी ने प्रभावित दुकानों का निरीक्षण किया और व्यापारियों से आग लगने की घटना तथा उससे हुए नुकसान के बारे में बातचीत की। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि उनकी परेशानियों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के साथ खड़े रहने की बात कही।
वहीं आग से प्रभावित दुकानदारों ने डिप्टी सीएम के सामने अपनी आर्थिक परेशानियों को रखते हुए राहत और सहायता की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि आग के कारण उनका काफी नुकसान हुआ है और अब कारोबार को दोबारा पटरी पर लाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी स्थिति को देखते हुए जरूरी कदम उठाएगी ताकि वे जल्द से जल्द अपना कामकाज दोबारा शुरू कर सकें।
डिप्टी सीएम सुरेंद्र चौधरी के इस दौरे के बाद प्रभावित दुकानदारों को सरकार से मदद मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि शिव मार्केट के अग्निपीड़ित व्यापारियों को राहत देने और उनके कारोबार को दोबारा शुरू करवाने के लिए प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

