पंचायत मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश, डीईओ कठुआ ने अधिकारियों को दिए सख्त आदेश
कठुआ, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी कठुआ राजेश शर्मा ने पंचायत मतदाता सूची के चल रहे पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि यह पुनरीक्षण अभियान 27 मार्च से 29 अप्रैल 2026 तक चल रहा है। डीईओ ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को जोड़ने, नाम संशोधन और विलोपन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता वंचित न रहे। उन्होंने 4 अप्रैल से शुरू हो रहे विशेष वीकेंड कैंपों (शनिवार-रविवार) के लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, चुनाव कर्मियों को डोर-टू-डोर अभियान चलाकर नए मतदाताओं की पहचान और पंजीकरण करने के निर्देश दिए। डीईओ ने अधिकारियों को रोजाना प्रगति रिपोर्ट जिला चुनाव सेल को भेजने और स्वयं निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा, नामित ऑब्जर्वर और वरिष्ठ अधिकारी कैंपों का निरीक्षण कर प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जिले से बाहर रह रहे स्थानीय मतदाता भी निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में शामिल हो सकते हैं। बैठक में एडीसी विशवजीत सिंह, सीपीओ रणजीत ठाकुर, डिप्टी डीईओ नागेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

