त्योहारी सीजन से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
त्योहारी सीजन से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की


जम्मू, 23 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना हिंदुस्तान जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी ने आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सरकार और संबंधित विभागों से आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों में बेचे जा रहे मिलावटी खोया, पनीर, दूध, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक व्यापारी अधिक मुनाफे के चक्कर में गुणवत्ता से समझौता करते हैं जिससे आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केसरी ने खाद्य सुरक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लीगल मेट्रोलॉजी और उपभोक्ता मामले विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमूमन त्योहार बीत जाने के बाद ही विभाग जागते हैं और केवल औपचारिकता के लिए नमूने एकत्र करते हैं जिसकी रिपोर्ट त्योहार समाप्त होने के बाद आती है। उन्होंने मांग की कि मिठाइयों की दुकानों, डेयरी आउटलेट्स, थोक विक्रेताओं और बाहर से आने वाली खाद्य सामग्रियों की गहन जांच प्रक्रिया और नमूने एकत्र करने का अभियान तुरंत शुरू किया जाए ताकि मिलावटी सामान को समय रहते बाजार से बाहर किया जा सके।

शिवसेना हिंदुस्तान के नेता ने जोर देकर कहा कि खाद्य अपमिश्रण केवल एक उपभोक्ता मुद्दा नहीं है बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा एक गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संदिग्ध खाद्य नमूनों की त्वरित प्रयोगशाला जांच कराई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने दुकानदारों और निर्माताओं से भी जिम्मेदारी से व्यापार करने और गुणवत्ता बनाए रखने की अपील की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बलवंत फौजी, राज कुमार, राजेश्वर सिंह और संजीव शर्मा भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765759 Articles

Share this story