अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा मजबूत करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा मजबूत करने की मांग


जम्मू, 07 अप्रैल (हि.स.)।

अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले शिवखोड़ी मार्ग पर लगी पाबंदियों को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर इन पाबंदियों को नहीं हटाया गया तो शिवसेना स्थानीय लोगों और व्यापारियों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन करेगी।

इस संबंध में पार्टी ने उपराज्यपाल को एक औपचारिक ज्ञापन भी सौंपा है।

प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अमरनाथ यात्रा नजदीक है और देशभर से लाखों श्रद्धालु जम्मू पहुंचने वाले हैं। इनमें बड़ी संख्या शिवखोड़ी के दर्शन के लिए भी जाती है। ऐसे समय में मार्ग पर जारी पाबंदियां न केवल श्रद्धालुओं में असमंजस और भय पैदा कर रही हैं, बल्कि पूरे देश में नकारात्मक संदेश भी दे रही हैं।

उन्होंने बताया कि 9 जून 2024 को श्रद्धालुओं की बस पर हुए आतंकी हमले के बाद प्रशासन ने कटरा–रियासी–रानसू मार्ग पर कन्वॉय सिस्टम और निर्धारित समय में ही आवाजाही जैसी सख्त पाबंदियां लागू की थीं। “एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इन प्रतिबंधों का जारी रहना समझ से परे है,” उन्होंने कहा।

साहनी ने आरोप लगाया कि इन पाबंदियों के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में भारी गिरावट आई है जिससे रानसू और आसपास के क्षेत्रों में हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय दुकानदारों, होटल मालिकों और टैक्सी चालकों के अनुसार, “सीजन के बावजूद बाजार सूने पड़े हैं और व्यापार ठप होने की कगार पर है।

उन्होंने सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा, “एक तरफ पहलगाम समेत कश्मीर के पर्यटन स्थलों को चरणबद्ध तरीके से खोला जा रहा है वहीं जम्मू के प्रमुख धार्मिक स्थल शिवखोड़ी पर अनावश्यक पाबंदियां जारी रखना साफ तौर पर भेदभाव को दर्शाता है।

साहनी ने कहा कि अत्यधिक प्रतिबंध सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के बजाय भय का माहौल बनाते हैं। उन्होंने ‘स्मार्ट सिक्योरिटी मॉडल’ लागू करने की वकालत करते हुए पूरे मार्ग पर अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन पेट्रोलिंग, लोकल इंटेलिजेंस नेटवर्क को मजबूत करने और क्विक रिस्पांस टीम (क्युआरटी ) की प्रभावी तैनाती की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पाबंदियां नहीं हटाई गईं तो शिवसेना “शिवखोड़ी अधिकार आंदोलन” शुरू करेगी और जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story