औद्योगिक विकास योजना का पैकेज 75 हजार करोड़ रुपये करने की मांग, एपेक्स कमेटी बैठक का स्वागत

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 12 जुलाई (हि.स.)। ट्रेडर्स एसोसिएशन त्रिकुटा नगर के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अभिनव आनंद ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित जम्मू-कश्मीर औद्योगिक विकास योजना की एपेक्स कमेटी की बैठक का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह बैठक जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक विकास और आर्थिक परिवर्तन को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अभिनव आनंद ने उम्मीद जताई कि बैठक में हुई उच्चस्तरीय चर्चाओं के आधार पर उद्योग, व्यापार, उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाले महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक अप्रैल 2021 से लागू नई केंद्रीय क्षेत्र योजना (एनसीएसएस) के तहत 28,400 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ अब तक 971 औद्योगिक इकाइयों का पंजीकरण हो चुका है जो निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने केंद्र सरकार से योजना का वित्तीय पैकेज बढ़ाकर 75,000 करोड़ रुपये करने की मांग करते हुए कहा कि इससे सभी पात्र औद्योगिक इकाइयों को बिना किसी भेदभाव और देरी के योजना का लाभ मिल सकेगा। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि लगभग 150 नई इकाइयों का पंजीकरण होगा और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर चुकी 570 से अधिक लंबित आवेदनों को भी शीघ्र मंजूरी मिलेगी। अभिनव आनंद ने कहा कि एपेक्स कमेटी का सकारात्मक निर्णय निवेशकों का विश्वास बढ़ाएगा, नए निवेश को प्रोत्साहित करेगा, विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करेगा और जम्मू-कश्मीर के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगा। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि पहले से कार्यरत औद्योगिक इकाइयों को भी प्रोत्साहन योजनाओं के तहत निरंतर सहयोग मिलता रहे ताकि वे प्रतिस्पर्धी बने रहें और अपने विस्तार की योजनाओं को आगे बढ़ा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story