झिरी मेले से पहले बाबा जित्तो इंडोर स्टेडियम शुरू करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 07 नवंबर (हि.स.)। शहीद किसान बाबा जित्तो संघर्ष समिति (एसकेबीजेएसएस) ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से झिड़ी (मढ़) में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम को जल्द खिलाड़ियों के लिए शुरू करने और इसके मुख्य प्रवेश द्वार पर 'बाबा जित्तो इंडोर स्टेडियम' का स्थायी नाम पट्ट लगाने की मांग की है। समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह जम्वाल ने कहा कि आगामी झिड़ी मेले से पहले दोनों कार्य पूरे किए जाने चाहिए ताकि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के बीच बाबा जित्तो की विरासत को उचित सम्मान मिल सके।

उपराज्यपाल को सौंपे गए आग्रह पत्र में समिति ने झिड़ी में अतिक्रमण से मुक्त करवाई गई भूमि पर आधुनिक खेल परिसर के निर्माण की पहल के लिए आभार जताया। समिति ने कहा कि यह स्टेडियम सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभा सकता है। समिति के अनुसार स्टेडियम के वर्चुअल उद्घाटन के दौरान इसका नाम बाबा जित्तो इंडोर स्टेडियम रखा गया था लेकिन अब तक न तो इसे औपचारिक रूप से खिलाड़ियों के लिए खोला गया है और न ही परिसर में स्थायी नाम पट्टिका लगाई गई है। प्रताप सिंह जम्वाल ने एलजी से प्रशासन और जम्मू-कश्मीर खेल परिषद को आवश्यक निर्देश जारी कर मेले से पहले दोनों मांगें पूरी करवाने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774046 Articles

Share this story