नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म मामले में सख्त कार्रवाई की मांग
जम्मू, 22 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) ने 14 वर्षीय छात्रा से कथित दुष्कर्म की घटना को गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताते हुए आरोपी शिक्षक खालिद हुसैन के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एबीआरएसएम के प्रदेश अध्यक्ष रतन शर्मा ने घटना पर चिंता जताते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार से मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो आरोपी शिक्षक को सेवा से बर्खास्त करने के साथ कानून के तहत कठोरतम सजा दी जानी चाहिए।
रतन शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज में मार्गदर्शक और चरित्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है। नाबालिग छात्रा से शिक्षक द्वारा इस तरह के गंभीर अपराध का आरोप बेहद चिंताजनक है और इससे पूरे शिक्षक समुदाय की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए जहां वे बिना किसी भय के शिक्षा प्राप्त कर सकें और अपना विकास कर सकें।
महासंघ ने सभी शिक्षण संस्थानों में बाल सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने, शिक्षकों के आचरण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने और शिकायत निवारण व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की। संगठन ने कहा कि बच्चों की ओर से मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

