राइका बंदी घटना के आरोपियों पर पीएसए लगाने की मांग, हिंदुस्तान शिवसेना ने की कड़ी कार्रवाई की वकालत

WhatsApp Channel Join Now
राइका बंदी घटना के आरोपियों पर पीएसए लगाने की मांग, हिंदुस्तान शिवसेना ने की कड़ी कार्रवाई की वकालत


जम्मू, 02 जून (हि.स.)। हिंदुस्तान शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत कपूर ने राइका बंदी वन क्षेत्र में पुलिस पर कथित पत्थरबाजी करने वाले लोगों के खिलाफ पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पीएसए) के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। जम्मू में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि वन भूमि और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। विक्रांत कपूर ने कहा कि राइका बंदी (बंदी रगोड़ा) क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी के कारण पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में कई पुलिसकर्मी और वरिष्ठ अधिकारी घायल हुए हैं। उनके अनुसार, कुछ राजनीतिक दलों के नेता अपने राजनीतिक हितों के लिए जम्मू का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिना आवश्यक अनुमति के आयोजित प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण दिए गए, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कपूर ने कहा कि अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का विरोध करने के बजाय कानून का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए। हिंदुस्तान शिवसेना नेताओं ने वन विभाग, राजस्व विभाग और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि 19 मई 2026 को राइका बंदी वन क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद प्रभावित परिवारों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। हाल ही में प्रदर्शन के दौरान हिंसा और पत्थरबाजी की घटना सामने आने के बाद सरकार ने मामले की जांच के लिए दो अलग-अलग जांच समितियों का गठन किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story