अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर मंथन


जम्मू, 16 अक्टूबर (हि.स.)। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के सतीश धवन सेंटर फॉर स्पेस साइंसेज (एसडीसीएसएस) की ओर से प्रख्यात भारतीय वैज्ञानिक प्रो. सतीश धवन को समर्पित और विश्व अंतरिक्ष सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. संजीव जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करना था।

उद्घाटन समारोह में भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएसटी) के विशिष्ट प्रोफेसर एवं प्रो-वाइस चांसलर प्रो. कुरुविला जोसेफ मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ‘भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम : उपलब्धियां, अवसर और भविष्य की राह’ विषय पर व्याख्यान देते हुए देश की अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं करियर के अवसरों पर संवाद सत्र भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने केंद्र की केंद्रीय इंस्ट्रूमेंटेशन सुविधा और विक्रम साराभाई स्पेस प्रयोगशाला का दौरा किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं और जारी गतिविधियों की जानकारी ली। केंद्र के संयोजक प्रो. राकेश कुमार झा ने अंतरिक्ष विज्ञान की शिक्षा, बहुविषयक अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. यशवंत सिंह भी मौजूद रहे। प्रो. कुरुविला जोसेफ को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हनीत कौर ने किया जबकि समन्वय की जिम्मेदारी मेहक महाजन ने निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762258 Articles

Share this story