बसोहली उत्सव की तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
बसोहली उत्सव की तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा


कठुआ/बसोहली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। डीसी कठुआ ने मंगलवार को बसोहली का दौरा कर आगामी बसोहली उत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, डिग्री कॉलेज के निकट छात्रावास, वाटर स्पोर्ट्स सेंटर, जंजघर मैदान, रानी तालाब, ओबीसी छात्रावास और रामलीला मैदान सहित विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। जवाहर नवोदय विद्यालय में मल्टीपर्पज हॉल के बाहर टाइलिंग कार्य सात दिन में पूरा करने और संपर्क सड़क पर तारकोल डालने के निर्देश दिए गए। वहीं विभिन्न स्थलों पर पेयजल, बिजली, सड़क, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। जंजघर मैदान के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को सुरक्षा की दृष्टि से हटाने तथा रानी तालाब में बिजली आपूर्ति बहाल कर फव्वारों को सुचारु करने के निर्देश भी दिए गए।

डीसी ने अधिकारियों से कहा कि उत्सव से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं और आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा तथा आयोजन स्थलों की बेहतर व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस दौरान एडीसी बसोहली, सीईओ बीबीडीए, डीएफओ सुरेश शर्मा, तहसीलदार बसोहली सागर विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story