स्वतंत्रता दिवस तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश


कठुआ, 05 अगस्त (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस-2026 समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में आयोजन स्थल के सिविल कार्य, मरम्मत और अन्य लॉजिस्टिक तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया गया।

उपायुक्त ने सुरक्षा, सफाई, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली आपूर्ति, परिवहन, निमंत्रण पत्र, पुरस्कार वितरण और सरकारी भवनों की रोशनी सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और किसी भी आवश्यकता पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि मुख्य समारोह स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में होगा जहां मुख्य अतिथि सुबह 8ः55 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बल, एनसीसी व विद्यार्थियों की टुकड़ियों की सलामी लेंगे। समारोह की शुरुआत सुबह डीसी कार्यालय और एसएसपी कार्यालय में शहनाई वादन और देशभक्ति गीतों के साथ होगी। बैठक में एडीसीसी सुरिंदर मोहन शर्मा, एडीसी महिमा मदान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story