स्वास्थ्य योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा, बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र तक पहुंचे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा, बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र तक पहुंचे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ


कठुआ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कठुआ में स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त राजेश शर्मा ने अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित करने, फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी बढ़ाने और योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बुधवार को डीसी कार्यालय परिसर कठुआ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में एनीमिया मुक्त भारत, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिबाधिता नियंत्रण कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बच्चों सहित संवेदनशील वर्गों में एनीमिया की जांच, आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के वितरण और नियमित हीमोग्लोबिन जांच पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्कूलों में आरबीएसके के तहत स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने तथा बीमारी से प्रभावित पाए जाने वाले बच्चों को समय पर जीएमसी कठुआ रेफर करने के निर्देश दिए। मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक, जिला एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं उपकेंद्रों से संबंधित परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत दावों के निपटारे पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने ब्लॉकवार आईएचआईपी पोर्टल पर रिपोर्टिंग, अप्रैल से सितंबर तक कुत्ते और सांप के काटने के मामलों, क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट्स एक्ट-2010 के तहत स्वास्थ्य संस्थानों के पंजीकरण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत वित्तीय प्रगति की जानकारी भी साझा की। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान आबादी की स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच, टीबी मुक्त भारत अभियान तथा निक्षय पोर्टल पर आंकड़ों को अद्यतन करने से जुड़े कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

उपायुक्त राजेश शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यक्रम के क्रियान्वयन में तत्परता, प्रतिबद्धता और जवाबदेही दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, नियमित फील्ड निरीक्षण करने, सटीक आंकड़ों की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने और कार्यान्वयन में सामने आने वाली कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब सेवाओं और सरकारी लाभों का फायदा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। विशेष रूप से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा योजनाओं के तहत हासिल होने वाले परिणामों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीडीसी सुरेंद्र मोहन शर्मा, सीपीओ रंजीत ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राधा कृष्ण, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ), एक्सईएन तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story