डीसी राजेश शर्मा ने दिवाली की तैयारियों की समीक्षा की, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चाैबंद रखने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीसी राजेश शर्मा ने दिवाली की तैयारियों की समीक्षा की, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चाैबंद रखने के निर्देश


कठुआ, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिला उपायुक्त राजेश शर्मा ने शनिवार को डीसी कार्यालय परिसर में बैठक कर दिवाली के मद्देनजर जिले में सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को त्योहार के दौरान जनसुरक्षा, अग्निशमन सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।

डीसी ने पटाखा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट करने, बाजारों में निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व कीमतों की जांच करने तथा मिलावट पर रोक लगाने के लिए बहु-विभागीय समिति गठित करने को कहा।

उन्होंने अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों और उपकरणों को तैयार रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ व आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली आपूर्ति सुचारू रखने, विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर दिवाली को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीसी कठुआ सचिन जम्वाल, एडीसी बिलावर विश्वजीत सिंह, एसीआर विश्व प्रताप सिंह, सीएमओ, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, एसडीएम और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766257 Articles

Share this story