श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 को लेकर डीसी कठुआ सख्त, एक हफ्ते में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
कठुआ, 22 अप्रैल (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने बुधवार को बैठक कर श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चल रहे कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में पीडब्लूडी, पीएचई और पीडीडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने बताया कि श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के अधिकांश कार्यों की टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। इस पर डीसी ने शेष बचे सभी कार्यों की टेंडरिंग एक सप्ताह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए ताकि समय रहते काम शुरू होकर यात्रा से पहले पूर्ण हो सके।
उपायुक्त ने सभी विभागों को सरकारी ई-मार्केटप्लेस जेम पोर्टल के माध्यम से समय से पहले खरीद प्रक्रिया पूरी करने को कहा जिससे पारदर्शिता बनी रहे और अंतिम समय में देरी न हो। साथ ही उन्होंने प्रभावी जनजागरूकता के लिए सभी विभागों से आईईसी प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बसोहली, बिलावर और कठुआ डिवीजनों में सातों कार्य प्रगति पर हैं।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य 30 मई 2026 तक हर हाल में पूरे किए जाएं। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

