अमृत 2.0 कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, डीसी कठुआ ने किया निरीक्षण
कठुआ, 16 अप्रैल (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने बुधवार को शहर के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में अमृत 2.0 के तहत चल रहे विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओल्ड सब्जी मंडी के पास, न्यू बस स्टैंड कठुआ, वार्ड नंबर 13 तारा नगर, अपर शिवा नगर स्थित कालीबाड़ी के पास, केके बिड़ला पार्क, वाटरफ्रंट तथा लोअर शिवा नगर सहित कई प्रमुख स्थानों का दौरा किया। जमीनी स्तर पर कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं समय पर मिल सकें। उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी और साइट पर निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 के तहत किए जा रहे कार्य शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, जिनमें पेयजल आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था और समग्र शहरी विकास शामिल है। इसके अलावा उपायुक्त ने कार्य स्थलों पर सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने और निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की उचित बहाली सुनिश्चित करने को भी कहा। इस मौके पर सीपीओ रंजीत ठाकुर, एक्सईएन पीएचई सुमेश हैंगलू सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

