भड्डू में डीसी का जनता दरबार, सड़क-पानी और स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भड्डू में डीसी का जनता दरबार, सड़क-पानी और स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के निर्देश


कठुआ, 02 सितंबर (हि.स.)। ब्लॉक बिलावर के सरकारी आईटीआई कॉलेज भड्डू में बुधवार को उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा की अध्यक्षता में जन शिकायत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न पंचायतों के पूर्व सरपंचों और बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, राजस्व, पर्यटन, कृषि, बागवानी और पंचायत कार्यों से जुड़ी समस्याएं एवं मांगें रखीं। इस दौरान एडीसी बिलावर विश्वजीत सिंह, पीओ आईसीडीएस मोहम्मद सैयद खान, सीपीओ रंजीत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से वे समस्याएं भी प्रशासन के सामने आती हैं जो अक्सर जिला स्तर तक नहीं पहुंच पातीं। भड्डू-फिंतर सड़क के उन्नयन, पीएचसी भवन के पुनर्निर्माण और पेयजल संकट पर डीसी ने दिए अहम निर्देश जबकि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की चरणबद्ध मरम्मत करवाने की जानकारी दी। पीएचसी भड्डू के नए भवन का निर्माण जल्द शुरू करने तथा तब तक अस्थायी व्यवस्था में स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने के निर्देश सीएमओ को दिए गए। डीसी ने भड्डू ग्राउंड के उन्नयन के लिए प्रस्ताव तैयार कर खेल विभाग को भेजने, वहीं कृषि, बागवानी और पशुपालन विभागों को किसानों के लिए जल्द मेले आयोजित कर सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने गांवों को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story