डीसी इलेवन ने पीएचई को 183 रनों से दी करारी शिकस्त, अमीर खान ने जड़ा शतक

WhatsApp Channel Join Now

कठुआ, 24 नवंबर (हि.स.)। जीडीसी कठुआ के खेल मैदान में आयोजित सेव वाटर कप सुपर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में डीसी इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीएचई (मैकेनिकल) की टीम को 183 रनों के विशाल अंतर से पराजित किया। मुकाबले में अमीर खान के शानदार शतक ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसी इलेवन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। टीम की ओर से अमीर खान ने मात्र 60 गेंदों में 14 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 107 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं गौतम ने 33 गेंदों में 30 रन बनाए जबकि जिम्मी 15 रन बनाकर नाबाद रहे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीएचई की टीम डीसी इलेवन के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 11.2 ओवरों में महज 35 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पीएचई की ओर से मनीष गुप्ता ने सात और नरेंद्र ने पांच रन बनाए।

गेंदबाजी में डीसी इलेवन की ओर से डीसी कठुआ राजेश शर्मा और जिम्मी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए जबकि सीपीओ कठुआ रंजीत ठाकुर ने दो विकेट चटकाए। इस तरह डीसी इलेवन ने 183 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। गौरतलब है कि सेव वाटर कप सुपर लीग के तहत खेले गए इस मुकाबले में डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने डीसी इलेवन की कप्तानी की जबकि पीएचई (मैकेनिकल) के एक्सईएन नरेंद्र अपनी टीम के कप्तान रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story