जम्मू में पहली बार ग्राहक जागरूकता दिवस का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 24 सितंबर (हि.स.)।

जम्मू में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जम्मू प्रांत की ओर से 24 सितंबर 2026 को ग्राहक जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता को उपभोक्ता अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी शिकायतों के समाधान के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी देना था।

यह कार्यक्रम जम्मू की शीतकालीन राजधानी में पहली बार आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा ने संगठन का परिचय देते हुए आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कंज्यूमर ग्रीवांस रिड्रेसल सेल की सदस्य हेमा चौधरी ने उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। वहीं संगठन के संपर्क अधिकारी गगन शर्मा ने उपभोक्ता अधिकारों से संबंधित प्रचलित कानूनों और उनके महत्व पर प्रकाश डाला।

बहु जिला अध्यक्ष एच.सी. वैद ने कहा कि किसी भी वस्तु की खरीदारी करते समय ग्राहक को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए। कार्यक्रम में कुछ लोगों ने अपने अनुभव भी साझा किए और बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान में बिना किसी शुल्क और मुकदमेबाजी के सहायता की।

प्रदेश संगठन मंत्री राजीव भारद्वाज ने लोगों से संगठन की सदस्यता लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की अधिक शाखाएं खुलने से उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि संगठन का कार्यालय प्रत्येक शनिवार को खुला रहता है जहां प्रदेश कार्यालय अध्यक्ष आर.एस. चिब शिकायतें प्राप्त करते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है।

कार्यक्रम में संजीव दुबे, विवेक महाजन, अंजू बंसल, शिफाली गुप्ता, बंदना तेहरान, सुनीता शर्मा, मनीष सहारवाल, नीलम शर्मा, अशोक खजूरिया, राकेश शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story