सीयूजे में ‘ग्लोबल सिक्योरिटी डायनेमिक्स’ व्याख्यान, मध्य-पूर्व की जटिलताओं पर हुई चर्चा
जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय के नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज विभाग द्वारा “ग्लोबल सिक्योरिटी डायनेमिक्स” व्याख्यान श्रृंखला के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “मिडिल-ईस्टर्न जियोपॉलिटिकल क्वागमायर: ए पर्सपेक्टिव” विषय पर आधारित यह सत्र विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रो. संजीव जैन और मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर डी. एन. पांडे के सम्मान में एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर से हुई।
नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीता रानी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि कार्यक्रम संयोजक प्रो. एम. वेंकटरमन ने अतिथि का परिचय देते हुए विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संजीव जैन ने वैश्विक और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर गहन विमर्श को बढ़ावा देने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर डी.एन. पांडे ने अपने व्याख्यान में मध्य-पूर्व की जटिल भू-राजनीतिक परिस्थितियों का विश्लेषण करते हुए ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान शक्ति संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने चीन की वैश्विक भूमिका, बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे जैसे विषयों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया जिसमें छात्रों और शोधार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सह-संयोजक डॉ. आर. सुधाकर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में 90 से अधिक छात्र, शोधार्थी, एनसीसी कैडेट्स और संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

