एनएच हटली मोड़ पर गौ-तस्करी नाकाम, 31 मवेशी बचाए, ट्रक जब्त

WhatsApp Channel Join Now
एनएच हटली मोड़ पर गौ-तस्करी नाकाम, 31 मवेशी बचाए, ट्रक जब्त


कठुआ, 19 मई (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने हटली पुलिस पोस्ट अधिकार क्षेत्र में गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे हटली मोड़ क्षेत्र में 31 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल एक ट्रक को भी जब्त कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा हटली मोड़ पर नाका लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पंजाब से जम्मू-कश्मीर की ओर आ रहे एक संदिग्ध ट्रक नंबर एचआर55डब्लू-6756 को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक को नाके से कुछ दूरी पहले ही रोक दिया और मौके से फरार हो गया। जब पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 31 मवेशी को अमानवीय तरीके से भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित छुड़ाकर ट्रक को जब्त कर लिया। इस संबंध में थाना कठुआ में एफआईआर नंबर 246/2026 धारा 223 बीएनएस और 11 पीसीए एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

कठुआ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौ-तस्करी पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को 112 या 09858034100 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story