हटली मोड़ क्षेत्र में गौ-तस्करी प्रयास विफल, 12 मवेशी छुड़ाए, ट्रक जब्त
कठुआ, 18 अप्रैल (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे स्थित हटली पुलिस पोस्ट के अधिकार क्षेत्र में तस्करी प्रयास को विफल कर 12 मवेशियों को मुक्त कराते हुए एक ट्रक को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस पोस्ट हटली की पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे हटली मोड़ पर नाका जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक नंबर जेके01बीडी-6457 को रोकने का इशारा किया। वाहन चालक ने नाका से कुछ दूरी पर ट्रक रोककर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 12 मवेशियों को बेरहमी से भरा हुआ पाया गया। सभी मवेशियों को सुरक्षित छुड़ाकर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। इस संबंध में थाना कठुआ में एफआईआर संख्या 196/2026 के तहत धारा 223 बीएनएस व 11 पीसीए एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कठुआ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि गौ-तस्करी जैसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या 09858034100 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

