विद्यार्थियों को जागरूक कर स्वस्थ और जिम्मेदार समाज निर्माण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों को जागरूक कर स्वस्थ और जिम्मेदार समाज निर्माण का दिया संदेश


जम्मू, 09 मई (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के अकादमिक मामलों के अनुभाग एवं यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज (यूएचवी) सेल के संयुक्त तत्वावधान में बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए “ड्रग एब्यूज: अवेयरनेस, प्रिवेंशन एंड बिल्डिंग अ ड्रग-फ्री फ्यूचर” विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रो. बलबीर सिंह, डीन अकादमिक अफेयर्स एवं यूएचवी सेल के समन्वयक के मार्गदर्शन में किया गया। व्याख्यान श्री माता वैष्णो देवी चिकित्सा उत्कृष्टता संस्थान के मनोचिकित्सा विभाग के फैकल्टी सदस्य डॉ. अनुज प्रियदर्शी शर्मा ने दिया। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मादक पदार्थों का सेवन शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, शैक्षणिक प्रदर्शन और सामाजिक जीवन पर गंभीर असर डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मअनुशासन, सकारात्मक सोच, भावनात्मक मजबूती और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सहपाठियों के दबाव, तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य तथा सही निर्णय लेने जैसे विषयों पर संवाद किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नशा मुक्त समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप समग्र शिक्षा और मूल्य आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रो. बलबीर सिंह, डॉ. शफक रसूल, डॉ. मधु मंगल चतुर्वेदी और डॉ. पूजा शर्मा शामिल रहीं। आयोजन समिति ने कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रगति कुमार के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story