ढाई साल से भुगतान न मिलने पर ठेकेदारों का फूटा गुस्सा, जल शक्ति विभाग कार्यालय में ताला जड़ा, अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
ढाई साल से भुगतान न मिलने पर ठेकेदारों का फूटा गुस्सा, जल शक्ति विभाग कार्यालय में ताला जड़ा, अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन


कठुआ, 18 अगस्त (हि.स.)। जल जीवन मिशन के तहत किए गए विकास कार्यों का पिछले करीब ढाई वर्षों से भुगतान नहीं होने से नाराज ठेकेदार एसोसिएशन कठुआ के सदस्यों ने मंगलवार को जल शक्ति विभाग के कार्यालय परिसर में अर्धनग्न होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित भुगतान तत्काल जारी करने की मांग उठाई।

ठेकेदारों ने कहा कि हर घर जल, हर घर नल के लक्ष्य को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने जिले के मैदानी क्षेत्रों से लेकर दुर्गम पहाड़ी इलाकों तक दिन-रात काम किया। जेजेएम के तहत विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने सहित अन्य कार्य पूरे कर योजना को सफल बनाने में ठेकेदारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई लेकिन काम पूरा होने के बावजूद उन्हें लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया है। ठेकेदारों का कहना है कि जेजेएम के कार्यों को पूरा करने के लिए उन्होंने बैंकों से करोड़ों रुपये की ऋण ले रखा है। करीब ढाई साल से भुगतान लंबित रहने के कारण वे बैंकिंग देनदारियों को चुकाने में असमर्थ हैं और कई ठेकेदार बैंक डिफॉल्ट की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से समय पर भुगतान नहीं होने का सीधा असर उनके कारोबार और परिवारों पर पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान ठेकेदार संगठन के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि लंबित भुगतान जल्द जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने आने वाले दिनों में भूख हड़ताल सहित उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांग पर तत्काल कार्रवाई नहीं की तो कठुआ में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में ठेकेदार हिस्सा नहीं लेंगे जिससे जिले में विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में ताला भी जड़ दिया। ठेकेदारों ने कहा कि यह कदम सरकार और प्रशासन का ध्यान उनकी गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए उठाया गया है। ठेकेदार संगठन के सदस्यों ने भाजपा विधायकों और नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है क्योंकि ठेकेदार संगठन में विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोग शामिल हैं। उनका आरोप था कि उनकी समस्या लंबे समय से लंबित है लेकिन अभी तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया।

ठेकेदारों ने सरकार से मांग की कि जेजेएम के तहत किए गए कार्यों की लंबित देनदारियों का तत्काल भुगतान किया जाए ताकि बैंकिंग देनदारियों का निपटारा हो सके और जिले में विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांग पूरी नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story