बढ़ती महंगाई, जम्मू-कश्मीर को राज्य दर्जा और पेपर लीक मामलों के खिलाफ कांग्रेस का विशाल प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
बढ़ती महंगाई, जम्मू-कश्मीर को राज्य दर्जा और पेपर लीक मामलों के खिलाफ कांग्रेस का विशाल प्रदर्शन


जम्मू, 18 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने सांबा जिले के रामगढ़ में बढ़ती महंगाई के खिलाफ आयोजित एक विशाल विरोध रैली को संबोधित किया। पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने आवश्यक वस्तुओं, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। कर्रा ने कहा कि महंगाई के कारण आम जनता, किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्गीय परिवार गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

रैली को संबोधित करते हुए कर्रा ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग दोहराई और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस प्रक्रिया में अनावश्यक देरी कर रही है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं और बढ़ती बेरोजगारी पर भी चिंता जताते हुए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।

जेकेपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है जबकि पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह ने केंद्र सरकार पर आर्थिक मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। रैली में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story