सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा, इस्तीफे की मांग


कठुआ, 30 सितंबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कठुआ ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डोगरा के नेतृत्व में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेकेपीसीसी कार्यालय के पर्यवेक्षक ठा. हरि सिंह और पूर्व विधायक ठा. बलबीर सिंह ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर पार्टी की चिंताएं सामने रखीं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डोगरा ने आरोप लगाया कि गत दिनों ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला सचिवालय के समक्ष किए गए धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की तथा युवा नेताओं के कपड़े तक फाड़े गए। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस को राजनीतिक दलों के प्रदर्शनों के दौरान समान रवैया अपनाना चाहिए। डोगरा ने आरोप लगाया कि जब केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस या अन्य विपक्षी दल प्रदर्शन करते हैं तो पुलिस-प्रशासन कार्रवाई करता है जबकि भाजपा की ओर से विपक्षी नेताओं के पुतले जलाने जैसे कार्यक्रमों में अलग रवैया अपनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और सभी राजनीतिक दलों के प्रति समान व्यवहार होना चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर नाम हटाने का आरोप लगाया। नेताओं ने दावा किया कि विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया के चलते करोड़ों मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस ने इस पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र और व्यापक समीक्षा कराने की मांग की। राष्ट्रीय स्तर पर भी कांग्रेस ने एसआईआर के तहत मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नए मतदाताओं के लिए प्रक्रिया को कथित तौर पर जटिल बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मतदाता सूची से जुड़े सत्यापन की प्रक्रिया स्थानीय स्तर तक सीमित रहती थी जबकि अब तकनीकी और डेटा आधारित प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता संबंधी जानकारी की जांच की जा रही है।

नेताओं ने चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कई मौकों पर फैसलों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इस संबंध में सामने आई रिपोर्टों में भी दोनों चुनाव आयुक्तों द्वारा कई निर्णयों पर लिखित आपत्तियां उठाए जाने की बात कही गई है। हालांकि चुनाव आयोग ने कहा है कि हाल के आदेश और निर्णय आयोग द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की व्यापक समीक्षा की मांग दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story