'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग


जम्मू, 05 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) ने देश में शिक्षा के बढ़ते व्यावसायीकरण तथा नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। जम्मू में जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) और जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) की ओर से आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में जेकेपीसीसी अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि पार्टी आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर के सभी 20 जिलों तथा जम्मू जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कैंडल मार्च निकालकर कथित रूप से आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों को श्रद्धांजलि देगी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाएगी।

कर्रा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और अभ्यर्थियों व उनके परिवारों पर मानसिक एवं आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और पुनः आयोजित किए जाने से विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस इस मुद्दे पर छात्रों और युवाओं की आवाज उठाने के लिए देशभर में अभियान चला रही है।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है। इस अवसर पर कई नीट अभ्यर्थियों और विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए सुझाव दिए। कार्यक्रम में छात्रों और अभिभावकों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री योगेश साहनी, जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नीरज कुंदन, मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, पूर्व सांसद टी. एस. बाजवा, पूर्व विधायक बलबीर सिंह, पूर्व मंत्री गुरबचन राणा, जुगल किशोर शर्मा, चौधरी घरू राम सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story