जम्मू में कांग्रेस ने राम मंदिर के कथित दान घोटाले को लेकर प्रदर्शन किया
जम्मू, 13 जुलाई (हि.स.)।
जम्मू में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर से जुड़े कथित दान घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई और आरोप लगाया कि मामले की सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले पर भी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग दोहराते हुए कहा कि केंद्र सरकार को अपने वादे के अनुसार जल्द राज्य का दर्जा बहाल करना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

