एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, निकाली ‘गैस सिलेंडर शव यात्रा’

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 08 जून (हि.स.)। रसोई गैस सहित आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला जम्मू ग्रामीण कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता नीरज कुंदन के नेतृत्व में अखनूर में गैस सिलेंडरों की प्रतीकात्मक ‘शव यात्रा’ निकाली। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए महंगाई को आम जनता पर बढ़ता बोझ बताया।

कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के प्रत्याशी अशोक भगत और अखनूर प्रभारी कुलदीप शर्मा की देखरेख में किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं और स्थानीय लोगों ने इसमें भाग लिया। प्रदर्शनकारी काले कपड़े से ढके खाली गैस सिलेंडर लेकर मुख्य बाजार से निकले और बाद में एक जनसभा का आयोजन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए नीरज कुंदन ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम करने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे लेकिन आज एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले की तुलना में कहीं अधिक हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है तथा लोगों के लिए घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

नीरज कुंदन ने कहा कि यह शव यात्रा केवल गैस सिलेंडरों की नहीं बल्कि जनता से किए गए वादों की भी प्रतीकात्मक शव यात्रा है। उन्होंने रसोई गैस पर पर्याप्त सब्सिडी बहाल करने और कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने पेट्रोल, डीजल और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। कार्यक्रम के अंत में गैस सिलेंडरों का प्रतीकात्मक दफन किया गया तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम लोगों के अधिकारों और महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो जम्मू क्षेत्र में और बड़े स्तर पर आंदोलन आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story