सरकार के रिक्त पद फ्रीज करने के फैसले पर कांग्रेस का विरोध, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया

WhatsApp Channel Join Now
सरकार के रिक्त पद फ्रीज करने के फैसले पर कांग्रेस का विरोध, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया


जम्मू, 28 मई (हि.स.)। कांग्रेस वरिष्ठ नेता रमन भल्ला ने सरकार द्वारा सभी खाली पदों को फ्रीज करने के फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे जम्मू-कश्मीर के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के साथ “क्रूर मजाक” करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन हजारों युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरने जैसा है जो सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। जम्मू के चन्नी हिम्मत क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए भल्ला ने कहा कि यह कदम केंद्र शासित प्रदेश में पहले से ही गंभीर बेरोजगारी संकट को और अधिक बढ़ा देगा। उन्होंने कहा कि सरकार को खर्चों में कटौती करनी चाहिए लेकिन इसका बोझ युवाओं पर नहीं डाला जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में आर्थिक अनुशासन चाहती है तो उसे पहले शासकीय तंत्र और उच्च अधिकारियों के अनावश्यक खर्चों को नियंत्रित करना चाहिए न कि रोजगार के अवसरों को सीमित करना चाहिए। भल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की आर्थिक संरचना अन्य राज्यों की तुलना में अलग है, जहां निजी क्षेत्र में रोजगार के सीमित अवसर हैं। ऐसे में सरकारी नौकरियां ही लाखों शिक्षित युवाओं के लिए स्थायी रोजगार का मुख्य साधन हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भर्ती प्रक्रिया रोकने या पद खाली रखने से युवाओं में निराशा और आक्रोश बढ़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों में पहले से ही कर्मचारियों की कमी है जिसके बावजूद बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े हैं। इन पदों को तुरंत भरने से न केवल प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। रमन भल्ला ने सरकार से अपील की कि वह एक व्यापक रोजगार नीति तैयार करे, जिसमें सरकारी भर्तियों को तेज करने के साथ-साथ औद्योगिक निवेश, स्टार्टअप को बढ़ावा, कौशल विकास और पर्यटन, आईटी तथा कृषि क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि युवाओं को दया नहीं, अवसर चाहिए। सरकार को ऐसा माहौल बनाना चाहिए जिसमें युवा अपनी क्षमता के आधार पर सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सकें और प्रदेश के विकास में योगदान दे सकें। सभा में उपस्थित अन्य नेताओं में कमल सिंह, जतिंदर चिब, लतीश शर्मा, साहिल माथी, रोहित शर्मा, मोहिंदर सिंह, राजू कुमार और दीपक शर्मा शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story