गदाधर मंदिर को हुए नुकसान पर कांग्रेस ने जताई चिंता, उच्चस्तरीय जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
गदाधर मंदिर को हुए नुकसान पर कांग्रेस ने जताई चिंता, उच्चस्तरीय जांच की मांग


जम्मू, 05 जून (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मुबारक मंडी स्थित ऐतिहासिक गदाधर मंदिर परिसर का दौरा कर हाल ही में हुए नुकसान का जायजा लिया। नेताओं ने मंदिर के निकट चल रहे खुदाई कार्यों पर चिंता व्यक्त करते हुए मामले की जांच तथा मंदिर के संरक्षण एवं मरम्मत कार्य को युद्धस्तर पर शुरू करने की मांग की। कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला, मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा और पूर्व एमएलसी वेद महाजन के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खुदाई कार्य के दौरान पर्याप्त तकनीकी सावधानी नहीं बरती गई जिससे मंदिर परिसर की दीवार और आसपास के हिस्सों को नुकसान पहुंचा।

प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि घटना के समय मंदिर में भंडारा आयोजित किया गया था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद दीवार का हिस्सा गिर गया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इसके अलावा ऐतिहासिक छत्ती गली को भी नुकसान पहुंचा है जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। रमन भल्ला ने अधिकारियों से धार्मिक भावनाओं और डोगरा विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में पेयजल, रास्तों और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं की शीघ्र बहाली की मांग भी उठाई।

मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने पूरे मामले की जांच कराने तथा विशेषज्ञों की निगरानी में मंदिर संरक्षण और मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने की मांग की। इस अवसर पर कई स्थानीय कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story