कठुआ में जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन, बिरसा मुंडा को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन, बिरसा मुंडा को किया नमन


कठुआ, 15 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित 15 दिवसीय जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन हुआ। इस अवसर पर डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया जिसमें जनजातीय समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. भारत भूषण और डीसी राजेश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा एडीडीसी सुरेंद्र मोहन शर्मा, पीओ आईसीडीएस मोहम्मद सैयद और एडीसी सचिन जम्वाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

विधायक डॉ. भारत भूषण ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देते हुए स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

डीसी राजेश शर्मा ने कहा कि जनजातीय समुदाय के समावेशी विकास के लिए सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जनजातीय पहचान और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि एक से 15 नवंबर तक चले इस पखवाड़े के दौरान जिले के स्कूलों, कॉलेजों, आंगनवाड़ी केंद्रों और जनजातीय बस्तियों में जागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन, चित्रकला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक संपर्क गतिविधियां आयोजित की गईं। अंत में पीओ आईसीडीएस मोहम्मद सैयद ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story